अल्मोड़ा ब्यूरो –अल्मोड़ा सोबन सिंह जीना परिसर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं होने से भड़के अखिल भारतीय विद्यार्थियों परिषद के तीन कार्यकर्ता परिसर भवन की छत पर चढ़ गए। कार्यकर्ताओं को छत पर चढ़ा देखा कर परिसर प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए। परिसर के कुलानुशासन डॉ. धनी आर्या के मांगों के जल्द समाधान के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे चले इस हाई हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद कार्यकर्ता छत से नीचे उतरे। सोमवार को एसएसजे परिसर में छात्राओं के शौचालयों में कुंडी लगाने, गर्ल्स कॉमन रूम में सफाई करवाने, बीबीए की विद्यार्थियों को पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध कराने, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने आदि मांगों के समाधान को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता परिसर निर्देशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट से मिले। यहां किसी प्रकार का आश्वासन नहीं मिलने से भड़के कार्यकर्ता मांगों पर उचित कार्रवाई करने के संबंध में कुुलानुशासन डॉ. धनी आर्या से मिले। लेकिन यहां से भी संतोष जनक जवाब नहीं मिला तो कार्यकर्ता परिसर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एबीवीपी जिला संयोजक राहुल कनवाल, पूर्व सह संयोजक साहिल नेगी और रोहित कुमल्टा सुबह 11:30 बजे की छत पर चढ़ गए। कार्यकर्ताओं ने परिसर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया। आरोप लगाया कि परिसर में छात्राओं के शौचालय में कुंडिया तक नहीं लगी है। शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से छात्राओं को रोजाना दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। परिसर प्रबंधन ने आनन फानल में शौचालयों में कुंडिया लगाई और अन्य मांगों के जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद कार्यकर्ता छत से नीचे उतरे तो परिसर प्रबंधन ने राहत की सांस ली। आक्रोश जताने वालों में पारस बिष्ट, नीरज टाकुली, नीरज दानू, हिमांशु भट्ट, सिप्पी लोहनी, लक्ष्य मेहता, रोहित दानू, नंदन कार्की, पारस बिष्ट, प्रियांशु डालाकोटी आदि मौजूद रहे।
