टिहरी, ब्यूरो। राफ्टिंग नियमों का उल्लंघन करने पर टिहरी पुलिस ने मुनिकीरेती-तपोवन क्षेत्र में गंगा नदी में संचालित दो राफ्ट को सीज कर दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस ने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से जारी राफ्टिंग नियमों के तहत 14 साल से कम और 65 साल से अधिक आयु वर्ग के पर्यटकों को राफ्टिंग की अनुमति न देना, राफ्टिंग के दौरान नशे का प्रयोग न करने, लाइफ जैकेट का प्रयोग, प्रशिक्षित गाइड से राफ्टिंग कराना और सूर्यास्त के बाद रिवर राफ्टिंग की अनुमति न देने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके राफ्ट संचालकों से धड़ल्ले से नियमों का उल्लंघन करने की शिकायतें मिल रही थी। जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी ने पुलिस टीम के साथ दोनों राफ्ट को सीज कर लिया। बताया कि संगम एडवेंचर राफ्ट संचालक पंकज रावत निवासी एसएसबी कैंप कैलाश गेट और गाइड विशाल शर्मा, जितेंद्र सिंह के विरूद्ध एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।