उत्तर काशी ब्यूरो- पुरोला। मोरी विकासखंड के सांकरी क्षेत्र में सेब के बगीचे में घास काट रहे एक किशोर व एक युवक पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को सांकरी के तिरोला तोक निवासी योगेश (17) पुत्र वीरेंद्र भंडारी और दीपेश (18) पुत्र किशन सेब के बगीचे में घास काटने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकले भालू ने दोनों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों को भालू के हमले में गंभीर चोटें आईं।
