चमोली (ब्यूरो) क्षेत्र में शुक्रवार से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं और गांवों में पानी व कीचड़ जमा हो गया है। खेतों में पककर कटाई के लिए तैयार धान, झंगोरा और कौणी की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। फसलें जमीन पर गिरने और सड़ने की आशंका से काश्तकारों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को मवेशियों के लिए चारा और पानी जुटाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। काश्तकारों का कहना है कि खेती उनके परिवारों की आजीविका और सालभर के खाद्यान्न का मुख्य आधार है। बारिश जल्द नहीं थमी तो तैयार फसल को भारी नुकसान हो सकता है, जिससे ग्रामीणों के सामने आर्थिक और खाद्यान्न संकट खड़ा होने की आशंका है।
