स्टाफ नदारद, स्थानीय मैनेजर का मोबाइल बंद, कई कर्मचारियों के वेतन पर संकट
जांच के बीच तीन दिन से बंद है आउटसोर्स एजेंसी का कार्यालय
ऋषिकेश। एम्स के किच्छा सेटेलाइट सेंटर में नियुक्ति के नाम पर कथित फर्जीवाड़े की जांच के बीच आउटसोर्स एजेंसी राजदीप इंटरप्राइजेज का कार्यालय पिछले तीन दिनों से बंद है। कार्यालय पर ताला लटका है और वहां तैनात स्टाफ भी मौजूद नहीं है। वहीं, एजेंसी के स्थानीय मैनेजर का मोबाइल भीबंद आ रहा है। ऐसे में एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कई आउटसोर्स कर्मचारियों के सामने वेतन के संबंध में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में एजेंसी के मैनेजर विनायक की भूमिका संदिग्ध पाए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में भी कई शिकायतें मिलने की जानकारी मिली है। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच मैनेजर विनायक और एक अन्य व्यक्ति शिवा की भूमिका पर केंद्रित की है।इधर, कार्यालय बंद होने से आउटसोर्स कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। कर्मचारी वेतन संबंधी जानकारी और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए एजेंसी के जिम्मेदार लोगों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। लगातार तीन दिन से कार्यालय बंद होने और स्टाफ के उपलब्ध नहीं होने से कर्मचारियों में चिंता बनी हुई है।