अल्मोड़ा (ब्यूरो) मौलेखाल (अल्मोड़ा)। ग्राम सभा डभरा-सौराल के तोक घोड़ीधार में बाघ के हमले में नवविवाहिता शालू की मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। क्षेत्र में लगातार बाघ की आवाजाही और मवेशियों के शिकार की घटनाओं से ग्रामीण अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने जनसुरक्षा को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक महेश जीना, जिलाधिकारी अंशुल सिंह और उपजिलाधिकारी सल्ट रिंकू बिष्ट को ज्ञापन भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने हमलावर बाघ को तत्काल पकड़ने और क्षेत्र को सुरक्षित घोषित करने की मांग प्रमुखता से उठाई है। उनका कहना है कि बाघ की लगातार मौजूदगी से बच्चों की पढ़ाई, कृषि कार्य और ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।
