सेवानिवृत्त कर्नल से भूमि विक्रय के नाम पर 85 लाख रुपये हड़पने वाले फरार आरोपी की पुलिस ने संपत्ति कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को पुलिस ढोल नगाड़ों के साथ कुर्की की मुनादी कराने आरोपी के घर पहुंची और कुर्की का नोटिस तामील कराया।आरोपी जसजीत सिंह के खिलाफ सेवानिवृत्त कर्नल जेएस राणा ने भूमि के नाम पर 85 लाख रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज करवाया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट से गैर जमानती वारंट प्राप्त कर गिरफ्तारी का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए।
बृहस्पतिवार को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपी जसजीत सिंह निवासी डिफेंस कॉलोनी के आवास पर ढोल नगाड़ों के साथ पहुंची और मुनादी कराने के साथ नोटिस तामील करवाया। इस दौरान आरोपी को 26 अक्तूबर तक न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत होने और ऐसा न करने पर अग्रिम कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
