उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। अब मानसून की विदाई होने लगी है और इसी के साथ तापमान भी बढ़ गया है। अब अधिकतर जिलों में मौसम गर्म हो गया है, वहीं मानसून हल्की बौछारों के साथ विदाई के लिए तैयार है। उत्तराखंड में तीन जिलों से मानसून पहले ही जा चुका है, जबकि सोमवार को पूरे प्रदेश से मानसून के विदा हो जाने की संभावना है।
रविवार को खिली धूप
रविवार को दून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से आंशिक बादलों के बीच धूप खिली रही। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बौछारों के आसार हैं। मानसून की उत्तराखंड से आज विदाई हो सकती है।
मौम का मिजाज देख फसल समेटने लगे किसान
सीमांत में मौसम के बदले मिजाज को देख किसान धान की फसल समेटने में जुट गए हैं। पिछले वर्ष धान काटने के दौरान हुई बारिश से काफी फसल बर्बाद हो गई थी। इस कारण किसान इस बार फसल काटने के काम में तेजी से जुटे हैं।सीमांत में इन दिनों धूप के साथ तेज गर्मी पड़ रही है। साथ ही बारिश की भी संभावना से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान तेजी से फसल काटने एवं समेटने में लगे हैं।
जाते-जाते फसल न खराब कर दें बादल
कंजाबाग निवासी घनश्याम सनवाल, मोहन सिंह, चकरपुर निवासी कैलाश सिंह, पचौरिया निवासी मोहन जोशी, बूढ़ाबाग निवासी किशन चंद आदि का कहना है कि बारिश ने पिछले साल धान की फसल बर्बाद कर दी थी। इस बार वह समय पर फसल काटने लगे हैं। वहीं मौसम के लगातार करवट बदलने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंचनी शुरू हो गई हैं।
