बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयदशमी पर्व की हल्द्वानी में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। बहेड़ी से आए कारीगरों ने रामलीला मैदान में रावण सहित उसके परिवार के पुतले बनाने का काम शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि इस बार रावण के पुतले में तकनीक का इस्तेमाल भी किया जाएगा।
रावण आंखें झपकाने के साथ लोगों को देख मुंह हिलाता भी नजर आएगा। बहेड़ी से आए कारीगर शंभू बाबा ने बताया कि इस बार रावण का पुतला कुछ अलग होगा। पुतले की आंखें झपकेंगी और मुंह भी हिलेगा। इस साल रावण का 55 फीट ऊंचा पुतला बनाया जा रहा है। वहीं कुंभकरण का कद 45 और मेघनाद व खर-दूषण का 40 फीट-40 फीट रखा जाएगा।
बताया कि उनकी 22 सदस्यीय टीम 29 सितंबर को हल्द्वानी पहुंच गई थी। पुतला बनाने में कुल 500 बांस की लकड़ियां, 50 किलो चार्ट पेपर, 150 कुंतल अखबार, 30 किलो सुतली और 10 किलो धागा इस्तेमाल किया जाएगा।
