पता न बताने से भड़के फरीदाबाद के तीन अधिवक्ताओं ने दो युवकों पर फायर झोंक दिया। एक युवक के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। त्यागी रोड पर हुई घटना के बाद कार सवार अधिवक्ता फरार हो गए। हालांकि, शहर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर कोतवाली प्रभारी राकेश गुसाईं ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब दो बजे आकाश नाम का युवक अपने भाई शिवम के साथ बाइक से रेलवे स्टेशन से त्यागी रोड की ओर जा रहा था। इस दौरान त्यागी रोड पर एक कार उनके पास आकर रुकी। कार में बैठे तीन व्यक्तियों ने उनसे एक रेस्टोरेंट का पता पूछा। पता न बता पाने पर कार सवार उनके साथ बहस करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर कार सवार तीनों व्यक्तियों ने गाली-गलौज की और एक व्यक्ति ने तमंचा निकाला आकाश और उसके भाई पर फायर कर दिया। बताया कि शिवम के पैर पर गोली लगी। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल युवक को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। घटना स्थल के आसपास करीब 35 सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर एक संदिग्ध कार का पता चला।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपितों को रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान रजत जायसवाल, चिराग कुमार, देवेंद्र सिंह निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई। उनके पास से एक तमंचा, एक कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में पता चला कि आरोपित रजत जायसवाल का सहस्रधारा रोड पर फ्लैट है।
