तमाम जागरूकता अभियान के बाद भी पहाड़ की खतरनाक सड़कों पर यात्रियों की सुरक्षा को अनदेखा किया जा रहा है। ऐसा ही मामला अल्मोड़ा के लमगड़ा में आया है, जिसमें नशे में धुत चालक ने 10 सीटर बोलेरो में 23 यात्री बैठाकर उसे दौड़ा दिया। वाहन के भीतर यात्री ठूंस ठूंस कर बैठा दिए और छत में भी यात्रियों को बैठा दिया। इस घटना में यात्रियों की जान आफत में फंस गई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।पुलिस के अनुसार बोलेरो चालक लक्ष्मण सिंह नगदली निवासी महतोली, नैनीताल ने अपने वाहन के भीतर और छत में क्षमता से अधिक 23 यात्री बैठा दिए। इसके बाद वह लमगड़ा के मोरनौला पहुंचा। इसी बीच चेकिंग कर रही पुलिस टीम ने वाहन रोका तो चालक नशे में मिला। वाहन के रुकते ही यात्री गाड़ी से बाहर निकल गए।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए चालक को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया। इसके बाद यात्री अन्य वाहन से गंतव्य के लिए रवाना हुए।थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि चालक की यह बड़ी लापरवाही है। वहीं कई किमी दौड़ाकर क्षमता से अधिक यात्री लेकर लमगड़ा पहुंची बोलेरो को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। कहा कि आगे भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
