अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ हाईवे पर चितई के पास एक स्कूटी रपटने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह आरासल्फड निवासी जगदीश चंद्र जोशी (30) अपनी स्कूटी से अल्मोड़ा जिला मुख्यालय आ रहा था। इसी बीच चितई के पास अचानक स्कूटी रपटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में चालक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आ गई। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय भेजा। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि उसे काफी चोट लगी है लेकिन हालत स्थिर है।
रानीखेत में स्कूटी सवार की मौत के मामले में एक ट्रक सीज
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत में स्कूटी चालक व्यापारी की मौत के बाद पुलिस ने शक के आधार पर एक ट्रक को सीज किया है। पुलिस का दावा है कि ट्रक के टायर में खून और मांस के टुकड़े चिपके मिले हैं, जिसकी जांच की जाएगी।
रानीखेत के राय इस्टेट के पास बीते बुधवार की रात एक स्कूटी सवार व्यापारी राकेश देव की वाहन से कुचलने से मौत हो गई थी। तब से पुलिस मामले की जांच में जुटी है। तीसरे दिन शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में शक के आधार पर एक ट्रक को सीज किया है, जबकि चालक को छोड़ दिया है। पुलिस का दावा है कि ट्रक के टायर में खून और मांस के टुकड़े चिपके मिले हैं, जिसकी जांच होगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। सीओ टीआर वर्मा ने बताया कि ट्रक खैरना के पास मिला। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। अगर इसी ट्रक से घटना हुई तो चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
