देहरादून, ब्यूरो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सर्वे स्टेडियम, हाथीबड़कला में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 08 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन को सम्बोधित किया। इस कार्यक्रम में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में ग्राम्य विकास, उद्यान, कृषि विभाग से सम्बन्धित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के 30 स्टॉल लगाये जाने के साथ ही बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।
मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग में संचालित एप्पल मिशन योजना के अंतर्गत रु6 करोड़ धनराशि को बढ़ाकर 12 करोड़ किए जाने एवं राज्य में कीवी के बढ़ावा देने हेतु मुख्यमंत्री राज्य कृषि विकास योजना के लिये रु18 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को आदर्श, श्रेष्ठ एवं आत्मनिर्भर बनाने का हमारा लक्ष्य है। इसके लिए राज्य के विकास का आगामी 10 सालों का रोड मैप तैयार किया जा रहा है। राज्य के बजट को तैयार करने में आम जनता की भी राय ली गई है।
इस दौरान केबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल के साथ ही शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता एवं लाभार्थी उपस्थित थे।
