कोटद्वार, ब्यूरो। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सोमवार को पुलिस प्रशासन समेत सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की। क्षेत्र की मुख्य समस्याओं और निर्माणाधीन प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों से पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही।
सिद्धबली मार्ग स्थित वन विभाग के सभागार में विस अध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के प्रभावी संचालन और पात्र लोगों को योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। कहा कि जन अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशीलता से कार्य किया जाए। उन्होंने बेस अस्पताल के रेफरल सेंटर बने होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को बेस अस्पताल की समस्याओं का संज्ञान लेकर तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कानून व्यवस्था मजबूत रखने एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन रोकने की बात भी कही। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जीएल कोहली, पुलिस क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) विभव सैनी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी बीपी जुयाल, प्रशासनिक अधिकारी कमल कुमार, उद्यान निरीक्षक भारत सिंह नेगी, बेस अस्पताल के पीएस डॉ. कुमार आदित्य तिवारी, डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य (केटीआर), पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीएम गुप्ता, सहायक कृषि अधिकारी मुकेश कुमार त्यागी, लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता मुकेश दत्त आदि मौजूद रहे।
