सिडकुल की 460 से अधिक औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था में लगातार कमी आई है। कुछ साल पहले 40 पीआरडी जवानों के मुकाबले अब सिर्फ 10 जवान तैनात हैं जिससे रात की गश्त प्रभावित होने के साथ चोरी की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
प्रदेश की सबसे बड़ी औद्योगिक नगरी सिडकुल पंतनगर की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। यहां संचालित 460 से अधिक औद्योगिक इकाईयों की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा कुछ साल पहले तक 40 पीआरडी जवान उठाते थे। अब इनकी संख्या कम होकर मात्र 10 रह गई है।कुछ समय तक सिडकुल में हर चौराहे और कंपनियों के आसपास तीन-चार जवान तैनात रहते थे। साल दर साल इनकी संख्या कम होती चली गई। पिछले साल तक करीब 20 जवान तैनात थे। इस साल वह भी आधे रह गए हैं। सिडकुल चौकी में पुलिस जवानों की संख्या भी कम है जिससे रात में गश्त प्रभावित हो रही है। उद्यमियों का कहना है कि सिडकुल एसोसिएशन व प्रशासन के बीच कई पूर्व में एमओयू हुआ था जिसमें सुरक्षा का जिम्मा प्रशासन ने लिया। इसके बाद कुछ दिन तक तो पर्याप्त जवान तैनात किए गए थे। एक स्थान पर दो तीन जवान रहते थे। अब इक्का-दुक्का जवान ही दिखते हैं।
