– वायरल वीडियो ने खोली पार्किंग व्यवस्था की पोल, स्थानीय लोगों ने निगम की कार्यशैली पर उठाए सवाल
– पार्किंग भरने के बाद भी आसपास की आंतरिक सड़कों पर वाहन खड़े कराने का आरोप
ऋषिकेश। मायाकुंड स्थित एक खाली प्लॉट में संचालित हो रही पार्किंग का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो नगर निगम की पार्किंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक नशे की हालत में सड़क के बीच कुर्सी लगाकर वाहनों को पार्किंग की ओर भेजता और पर्यटकों से पार्किंग शुल्क वसूलता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्किंग भर जाने के बाद भी आसपास की आंतरिक सड़कों पर वाहन खड़े कराकर शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पार्किंग की अव्यवस्था को लेकर नगर निगम से कई बार शिकायत की जा चुकी है। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारी कार्रवाई के बजाय नोटिस जारी किए जाने का हवाला देकर मामले को टाल देते हैं। लोगों का कहना है कि शाम होते ही पार्किंग से जुड़े कर्मचारी चौराहे पर खड़े होकर पर्यटकों के वाहनों को रोकते हैं और उन्हें पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए दबाव डालते हैं।