भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि दिल्ली शराब घोटाले के पैसों का बंटवारा दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर हुआ। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने स्वयं कोई विभाग नहीं लिया, लेकिन अपने सहयोगी मंत्रियों से गड़बड़ घोटाला कराया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
शनिवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या दिल्ली शराब घोटाले की आंच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक पहुंचेगी। जबाव में उन्होंने कहा कि इस पूरे भ्रष्टाचार के पैसों का बंटवारा तो केजरीवाल के घर पर हुआ था। उन्होंने स्वयं कोई विभाग नही लिया, लेकिन अपने सहयोगी मंत्रियों से सब गड़बड़ घोटाला करवाया।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल तो स्वयं भ्रष्टाचार मे लिप्त हैं। राहुल गांधी की तुलना रावण से करने पर पूछे गए एक सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि इस तरह की शुरूआत कांग्रेस की ओर से ही हुई है। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पीएम मोदी की तुलना बारह सिर वाले रावण से की थी।
