पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ शहर के लुंठ्यूड़ा में 4.39 करोड़ की लागत से बहुउद्देश्यीय मैदान का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ रुपये की राशि शासन से अवमुक्त हो चुकी है। इसके अलावा चंडाक में जल संचय और जल क्रीड़ा के लिए बन रही मिनी झील के लिए भी एक करोड़ की राशि अवमुक्त हुई है। पिथौरागढ़ के नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि लुंठ्यूड़ा में बहुउद्देश्यीय मैदान का निर्माण किया जाना है। 439 लाख की लागत से बनने वाले इस मैदान के लिए एक करोड़ की राशि अवमुक्त हो चुकी है। मैदान के बनने से खेलकूद के साथ ही तमाम तरह के आयोजन किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि चंडाक में जल क्रीड़ा के लिए बन रही 332.84 लाख की लागत की मिनी झील के लिए भी एक करोड़ रुपये मिले हैं।
उन्होंने बताया कि लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप बहुमंजिला कार पार्किंग का निर्माण भी स्वीकृत हो गया है। पहले चरण में 71.78 लाख के सापेक्ष 45.21 लाख की राशि अवमुक्त हो गई है। नगरपालिका की ओर से पिथौरागढ़ में आधुनिक शौचालय का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए 43.35 लाख की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के बाद 17.34 लाख की रकम प्राप्त हो चुकी है और निविदा आमंत्रण की कार्यवाही चल रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार चार स्वागत द्वार का निर्माण किया जाना है। इसके लिए आगणन तैयार किए जा रहे हैं। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत ने बताया कि पांडेगांव पुल के निकट बजेटी सड़क में पार्किंग के लिए 24.99 लाख का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें 60 वाहनों के पार्किंग की क्षमता होगी। चंद्रभागा मोक्षधाम के निकट पार्किंग के लिए 24.99 लाख का प्रस्ताव बनाया गया है। यहां पर 50 वाहनों की क्षमता की पार्किंग बनाई जाएगी। कृष्णापुरी वार्ड में बमननौला के सामने 40 वाहन क्षमता वाली पार्किंग के लिए 25 लाख का आगणन शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
