
देश में शनिवार को ओमिक्रॉन के 18 नए केस मिले, जिसके बाद कोरोना के नए वेरिएंट से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 131 हो गई है। आज महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में नए केस मिले हैं। इससे पहले शुक्रवार को एक दिन में सर्वाधिक 26 केस मिले हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने लोगों को गैर-जरूरी यात्राओं से बचने और नए साल के जश्न में भीड़ से बचने की सलाह दी है।
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि प्रदेश में 8 नए मरीज मिले हैं, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 48 हो गई है। 4 मरीज मुंबई में मिले हैं, जबकि 3 सतारा और 1 पुणे में नए केस मिले हैं। मुंबई में मिले मरीजों में तीन छत्तीसगढ़, केरल और महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले हैं, जबकि एक मुंबई का ही है।
कर्नाटक में ओमिक्रॉन के 6 नए केस मिले हैं। इनमें से 5 दक्षिण कन्नड़ के शैक्षणिक संस्थान के हैं, जिनमें से एक यूके से वापस लौटा था। नए मरीजों के बाद दक्षिणी राज्य में मरीजों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने एक ट्वीट में कहा, ”दक्षिण कन्नड़ के दो शैक्षणिक संस्थानों में दो कोरोना क्लस्टर आउटब्रेक की सूचना है। क्लस्टर 1 में 14 केस मिले हैं, जिसमें 4 ओमिक्रॉन के हैं। दूसरे क्लस्टर में 19 केस मिले हैं, जिनमें एक 1 ओमिक्रॉन का है। यूके का एक यात्री भी ओमिक्रॉन पॉजिटिव है।”