द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। इंजीनियरिंग कॉलेज में एक से तीन सितंबर तक आयोजित होने वाले किताब कौतिक की तैयारी के लिए बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के साथ हर आयु वर्ग के लोगों में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किताब कौतिक का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति और यहां के पर्यटक स्थलों का भी प्रचार-प्रसार होगा।
सोमवार को किताब कौतिक की तैयारी के लिए विपिन त्रिपाठी विचार मंच ने बैठक की। मंच के अध्यक्ष केपीएस अधिकारी ने कहा कि जिले में पहली बार किताब कौतिक का आयोजन किया जा रहा है जो प्रदेश के शिल्पी कहे जाने वाले विपिन त्रिपाठी को समर्पित होगा। टीम कुमाऊंनी आर्काइव्स को इसे अंजाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है। कौतिक में 60 प्रकाशकों की करीब 60000 पुस्तकों को शामिल किया जाएगा। फोटोग्राफी प्रतियोगिता, विज्ञान कोना, दूरबीनों से तारा अवलोकन, नेचर वॉक, पक्षी अवलोकन, स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल और प्रसिद्ध लेखकों से सीधी बातचीत कौतिक का मुख्य आकर्षण होगा। विद्यार्थियों की क्विज, ऐंपण, चित्रकारी और कविता वाचन प्रतियोगिताएं होंगी। बैठक में बहादुर सिंह बिष्ट, अनिल चौधरी, लक्ष्मी चंद्र त्रिपाठी, पुष्पेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
