विकासनगर, ब्यूरो। शीशमबाड़ा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में लगी आग को दो सप्ताह पूरा होने को हैं, लेकिन अब तक आग नहीं बुझ पायी है। प्लांट से जहरीला धुआं निकलना जारी है और दुर्गंध से लोग बेहाल हैं। नगर निगम ने दस दिन के भीतर प्लांट को हटाने के लिए बोर्ड में प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजने का वायदा करने के साथ ही दो दिन में आग बुझाने का भी दावा किया था। लेकिन अब तक वायदे पूरे नहीं हुए। जिससे आक्रोशित पछुवादून संयुक्त समिति के कार्यकर्ताओं ने शीशमबाडा प्लांट पहुंचकर प्लांट के गेट पर प्रदर्शन कर प्लांट प्रबंधन और नगर निगम के खिलाप नारेबाजी की।
पछुवादून संयुक्त समिति के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा कि आग लगने के बाद जब नगर निगम के अध्यक्ष सुनील उनियाल गामा प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे तब स्थानीय लोगों ने उनका घेराव किया था। तब नगर निगम अध्यक्ष ने कहा था कि दो दिन के अंदर आग बुझ जाएगी। साथ ही दो दिन बाद कूड़ाघर से दुर्गंध नहीं आएगी। यही नहीं अध्यक्ष ने कहा था कि दस दिन के भीतर नगर निगम बोर्ड की बैठक बुलाकर शीशमबाडा से प्लांट अन्यत्र शिफ्ट करने का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा जाएगा। इसके अलावा प्लांट में आग लगने के कारणों की जांच करने, मुकदमा दर्ज करने व दोषियों को गिरफ्तार करने की भी बात की गयी। लेकिन अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित जनता को प्रदर्शन करना पड़ा। कहा कि शीघ्र कूड़ाघर को अन्यत्र शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू नहीं की जाती तो समिति व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगी। समिति ने आरोप लगाया कि प्लांट को शिफ्ट करने को लेकर नगर निगम की नीयत साफ नहीं है। कहा कि नगर निगम व शासन इस गलत फहमी में न रहे कि सिर्फ सीएम के टेलीफोनिक संदेश को सुनकर जनता चुप बैठ जाएगी। कहा कि प्लांट में लगी आग के कारण निकल रहे जहरीले धुएं से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। लगातार पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। ऐसे में संयुक्त समिति चुप बैठने वाली नहीं है। संयुक्त समिति ने कहा कि प्लांट को तत्काल हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं की जाती है तो व्यापक स्तर पर आंदोलन होगा। जिसकी जिम्मेदारी खुद शासन प्रशासन की होगी। प्रदर्शनकारियों में समिति के अध्यक्ष चौतन्य अनिल गौड़, राज गंगसारी, राजेंद्र बलूनी, प्रकाश भट्ट, अश्वनी गर्ग, शूरवीर सिंह चौहान और हुसैन आदि शामिल रहे।
———————————————-