उत्तराखंड में चल रही अटल आयुष्मान योजना अब दूसरे प्रदेशों के लिए भी नजीर बनेगी। राज्य में सात अक्टूबर को होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में उत्तराखंड इसे अपनी उपलब्धि के तौर पर पेश करेगा। इस बैठक में आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान योजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उत्तराखंड इस वर्ष मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता कर रहा है।
सात अक्टूबर को नरेन्द्रनगर में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस बैठक में गत वर्ष की एजेंडे की पुष्टि के साथ ही नए एजेंडे पर चर्चा होगी। इस एजेंडे में अटल आयुष्मान व आयुष्मान भारत योजना की प्रगति पर भी चर्चा होनी है। उत्तराखंड में अटल आयुष्मान योजना, आयुष्मान भारत योजना के साथ ही चल रही है।
सरकार ने इसके लिए 102 सरकारी और 146 निजी अस्पताल सूचीबद्ध किए हैं। इस योजना का आमजन को खासा लाभ भी मिल रहा है। प्रदेश में अभी तक 8.28 लाख व्यक्तियों के इलाज पर 1554 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। कार्ड का दुरुपयोग न हो, इसके लिए अस्पतालों को भुगतान से पहले मरीज से खर्च को प्रमाणित करने की व्यवस्था की गई है। अस्पतालों को तय समय पर भुगतान करने के लिए राज्य को पुरस्कार भी मिल चुका है।
सचिव स्वास्थ्य डा आर राजेश कुमार का कहना है कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों पर आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य लगातार जारी है। आयुष्मान भव कार्यक्रम में भी आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है।
प्रदेश में आयुष्मान कार्ड की स्थिति
देहरादून: 1084843
हरिद्वार : 877460
यूएस नगर : 852428
नैनीताल : 496866
पौड़ी : 378973
टिहरी : 316365
अल्मोड़ा : 264566
पिथौरागढ़ : 210423
चमोली : 200316
उत्तरकाशी : 180885
बागेश्वर : 113538
