उत्तराखंड वन विकास निगम में आउटसोर्स से इस वर्ष हुई भर्तियों में गड़बड़ी के प्रकरण की जांच होगी। वन मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में बुधवार को निगम मुख्यालय में कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई वार्ता में इसकी सहमति बनी।
इसके अलावा निगम की रीढ़ कहे जाने वाले स्केलर संवर्ग का ग्रेड पे 2000 करने की मांग के संबंध में शासन जल्द ही इसका प्रस्ताव भेजेगा। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बुधवार को शासन, वन विभाग व निगम के आला अधिकारियों की उपस्थिति में वन निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से उनकी मांगों के संबंध में विमर्श किया।
कुछ मांगें शासन को संदर्भित की गई हैं, जिनका शीघ्र ही निराकरण कर दिया जाएगा। एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि निगम में अधिकारियों की कमी दूर करने के दृष्टिगत ऐसा मैकेनिज्म तैयार किया जा रहा है, जिससे अधिकारियों के पास विभाग व निगम दोनों का चार्ज हो, कार्य प्रभावित भी न हों। उन्होंने कहा कि निगम के शासी निकाय की बैठकें निरंतरता में हों,यह सुनिश्चित किया जाएगा।
जांच में साफ होगा कि बाघ कहां के थे हाल में कुमाऊं क्षेत्र में हुई बाघों की खाल की बरामदगी से जुड़े प्रश्न पर वन मंत्री ने कहा कि इसकी जांच चल रही है। इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि ये बाघ उत्तराखंड में मारे गए थे या फिर उत्तर प्रदेश में। उन्होंने कहा कि विभाग की अपनी एंटी पोचिंग सेल है, लेकिन जब प्रकरण राज्य से बाहर का होता है तो उसमें पुलिस की मदद ली जाती है।
