चोर चोरी से जाए मगर हेरा फेरी से न जाए’ यह कहावत तब चरितार्थ हो गई, जब देहरादून में एक महिला जेल से जमानत पर बाहर आने पर फिर से वही काम करने लगी, जिसके आरोप में वह जेल भेजी गई थी। हालांकि, कानून के लंबे हाथों से वह बच न पाई और पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है, ताकि नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अन्य जानकारी जुटाई जा सके।
2021 में भेजी गई थी जेल
थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार, गिरफ्तार महिला शातिर किस्म की गांजा तस्कर है। जो राह चलते लालपुल देहरादून से गांजा खरीद कर सेलाकुई क्षेत्र में तस्करी करती है। आरोपी महिला थाना सेलाकुई पुलिस द्वारा वर्ष 2021 में भी 2 किलो अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजी गई थी, जो वर्तमान समय में जमानत पर है। आरोपी महिला ने पूछताछ में नशे के नेटवर्क से जुड़ी तमाम जानकारियां दी है, जिस पर पुलिस अन्य तस्करों की तलाश में भी जुटी है।
लखीमपुर खीरी यूपी का युवक शराब तस्करी में गिरफ्तार
विकासनगर, जागरण संवाददाता: थाना सेलाकुई की पुलिस ने आकस्मिक चेकिंग के दौरान लखीमपुर खीरी के एक युवक को 56 पव्वे देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की गई है। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को पुलिस ने कई जगह चेकिंग की।
टीम ने शराब तस्करों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। साथ ही अवैध कच्ची शराब बनाने व बिक्री करने वाले शराब तस्करों के विरुद्ध चेकिंग की तो खैरीगेट सेलाकुई से सोमवार रात्रि में शक के आधार पर एक युवक को पकड़ा, जिसकी तलाशी में 56 पव्वे अवैध देशी शराब जाफरान बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान गुड्डू मूल निवासी ग्राम गडरियान पुरवा थाना कोतवाली फूल बेहड़ जिला लखीमपुर खीरी यूपी, हाल निवासी बावन बीघा सेलाकुई के रूप में बताई। थानाध्यक्ष मोहन सिंह के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है।
