
बागेश्वर विधानसभा उप चुनाव के पांचों प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। उप चुनाव में 55.44 प्रतिशत मतदान हुआ है। बुधवार को पीठासीन अधिकारियों की डायरी से मिलान करने के बाद वास्तविक मतदान के आंकड़े सामने आएंगे। 1673 पोस्टल बैलेट भी जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंच गए हैं। इससे मतदान प्रतिशत में इजाफा होगा। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बागेश्वर विधानसभा सीट पर 60.68 प्रतिशत मतदान हुआ था।जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अनुराधा पाल ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण रहा। मंगलवार सुबह ठीक सात बजे से जिले के 188 मतदेय स्थलों में मतदान शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि पोस्टल बैलेट जुड़ने के बाद मत प्रतिशत में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार को पीठासीन अधिकारियों की डायरी से मिलान के बाद मतदान प्रतिशत की स्थिति पूरी तरह से साफ होगी। उन्होंने यह भी बताया कि 188 पोलिंग पार्टियों में से 30 पोलिंग पार्टियां जिला मुख्यालय पहुंच गई हैं। 30 ईवीएम मशीन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में स्ट्रांग रूम में रखवा दी गई है। देर रात तक कुछ और पोलिंग पार्टियों के जिला मुख्यालय पहुंचने की उम्मीद है। बुधवार को सभी पोलिंग पार्टियां जिला मुख्यालय पहुंच जाएंगी।
समय मतदान
9 बजे तक 10.02
11 बजे तक 26
01 बजे तक 38.08
03 बजे तक 45.50
ये हैं प्रत्याशी
भाजपा: पार्वती दास
कांग्रेस: बसंत कुमार
यूकेडी: अर्जुन कुमार देव
सपा : भगवती प्रसाद त्रिकुटी
उत्तराखंड क्रांति दल: भगत कोहली
सबसे अधिक 74.52 प्रतिशत मतदान जिला मुख्यालय के मेहनरबूंगा मतदान केंद्र में हुआ है। सबसे कम 36.01 प्रतिशत मतदान जैनकरास बूथ में हुआ है। जैकरास क्षेत्र में मंगलवार को दो लोगों की मृत्यु के कारण मतदान प्रतिशत में गिरावट आने की बात कही जा रही है। भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास के मतदान केंद्र सैनिक कल्याण कार्यालय परिसर में 63.02 और भाजपा प्रत्याशी बसंत कुमार के मंडलसेरा स्थित बूथ में 64.28 फीसदी मतदान हुआ है।