रुड़की स्थित एसएमआइ गोदाम पर सोमवार को शांतरशाह समेत कई गांव के युवाओं ने हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत जमकर हंगामा किया। उन्होंने गोदाम पर तैनात मार्केटिंग इंस्पेक्टर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की।आक्रोशित युवाओं को देखते हुए मौके पर पुलिस बल को बुला लिया गया। बाद में भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि अगर तीन दिन में मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वह गोदाम पर तालाबंदी करते हुए आंदोलन करेंगे। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री अजय प्रताप सैनी के नेतृत्व में युवा नारेबाजी करते हुए एसएमआइ गोदाम पर पहुंच गए।
मार्केटिंग इंस्पेक्टर पर राशन विक्रेताओं से अभद्रता करने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि गोदाम पर तैनात मार्केटिंग इंस्पेक्टर रूबी खातून यहां पर आने वाले राशन विक्रेताओं से अभद्रता करती है। उनके साथ गाली-गलौच करने के साथ ही खाद्यान्न पर कमीशन भी मांगा जाता है। कई बार पहले भी इस बारे में समझाया गया लेकिन उनकी मनमानी बढ़ रही है।
मार्केटिंग इंस्पेक्टर ने आरोप को बताया निराधार
उन्होंने आरोप लगाया कि राशन डीलरों को मिलने वाली दाल को बाजार में बेच दिया जा रहा है। विरोध करने पर उनके पिता के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई। इस मौके भाजपा मंडल अध्यक्ष आदित्य रोड, कमल सैनी, शिवप्रसाद त्यागी, मुकेश रोड, अमन गोस्वामी, आशीष, अमित सैनी, अंकित आदि मौजूद रहे।
वहीं मार्केटिंग इंस्पेक्टर रूबी खातून ने बताया कि आरोप निराधार है। उल्टे उनका रजिस्टर फाड़ दिया गया। सरकारी कार्य में बाधा डाला गई है। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है।
